बैसा प्रखंड की मालोपाड़ा पंचायत में मंगलवार को पहली बार पंचायत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। पंचायत भवन में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया।
शिविर में कुल 34 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें अधिकांश मामले भूमि विवाद और राजस्व संबंधी थे। अधिकारियों ने कई मामलों का तत्काल समाधान किया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निष्पादन का आश्वासन दिया।
शिविर में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अभिषेक रंजन, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) जितेन्द्र पांडे, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राज कुमार चौधरी, अंचलाधिकारी (सीओ) गोपाल कुमार, रौटा थानाध्यक्ष कुमार कुणाल सौरव, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) साजिद अली समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने राजस्व, परिवहन, पुलिस, विकास, पशुपालन और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े मामलों की सुनवाई की।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। ग्रामीणों ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि पहली बार पंचायत स्तर पर इस तरह का आयोजन होने से उनकी समस्याओं के समाधान की उम्मीद बढ़ी है। इस दौरान अधिकारियों ने लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत पंचायत में संचालित स्वच्छता कार्यों की समीक्षा की। अभियान में बेहतर कार्य करने वाले पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मियों की प्रशंसा करते हुए ग्रामीणों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
Post a Comment