बिहार के किशनगंज जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां बहादुरगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क दुर्घटना में दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार यह हादसा बहादुरगंज थाना क्षेत्र स्थित अजीम नेशनल स्कूल के समीप नेशनल हाईवे 327 ई पर हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी डंपर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक सवार दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान सकोर वार्ड नंबर 3 निवासी मुंतज़िर आलम (35 वर्ष) और उनके छोटे भाई दानिश आलम के रूप में हुई है। दोनों अमीनुद्दीन के पुत्र बताए जा रहे हैं। घटना की खबर मिलते ही गांव और आसपास के इलाके से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। वहीं सूचना मिलने के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और माहौल गमगीन हो गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों भाई किसी जरूरी काम से बाहर गए हुए थे और देर रात बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर सड़क किनारे अंधेरे में खड़ी डंपर से उनकी बाइक सीधे टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बहादुरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण कंपनी की डंपर बिना किसी संकेतक या सुरक्षा व्यवस्था के सड़क किनारे खड़ी थी, जिसके कारण यह बड़ा हादसा हुआ। लोगों ने प्रशासन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने और हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। एक ही परिवार के दो बेटों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।
Post a Comment