Top News

विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक में विधायक ने लिया भाग


 पूर्णिया ईस्ट  ब्लॉक भोगा भटगामा स्थित केजीपी प्लस टू उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक में विधायक विजय कुमार खेमका का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र से प्रधानाध्यापक शिवकुमार महतों ने किया। बैठक में प्रबंध समिति के सदस्य एवं अभिभावकों के साथ विद्यालय के सर्वांगीण विकास, शैक्षणिक वातावरण एवं छात्र हित से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षा प्रेमी मंगल पोद्दार ने विद्यालय विकास से संबंधित कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे। प्रबंध समिति के सदस्यों ने छात्रों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा पठन पाठन पर विशेष बल देने का सुझाव दिया। विधायक ने स्पष्ट कहा  जब विद्यालय परिवार, शिक्षक, प्रबंध समिति एवं अभिभावक सामूहिक रूप से कार्य करेंगे, तब निश्चित रूप से विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण बेहतर बनेगा, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति बढ़ेगी तथा विद्यालय का परीक्षा परिणाम भी उत्कृष्ट होगा। विधायक ने प्रधानाचार्य को विद्यालय परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, शौचालयों की नियमित सफाई के साथ पीने का पानी, बिजली पंखा सुनिश्चित करने तथा छात्रों की उपस्थिति शत-प्रतिशत करने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्यालय में खेल, चित्रकला, संगीत एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को विशेष रूप से संचालित करने पर जोर देते हुए कहा  इससे छात्र-छात्राओं की विभिन्न विधाओं में अभिरुचि बढ़ेगी और उनका ज्ञानवर्धन होगा। इस दौरान विधायक ने संचालित कक्षाओं में जाकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया तथा विद्यालय विकास से संबंधित प्राप्त सुझाव के निर्माण की स्वीकृति प्रबंध समिति में दी। विद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से विधायक एवं विद्यालय परिवार द्वारा संयुक्त रूप से वृक्षारोपण भी किया गया। क्षेत्र भ्रमण के क्रम में विधायक ने भोगा भटगामा स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर एवं आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया तथा सेंटर तक जाने के रास्ते पर मिट्टी कार्य करने का निर्देश अधिकारी को दिया। समिति की बैठक में मंगल पोद्दार मनोज गोस्वामी सरिता टुडू बिमल पोद्दार मनीष साह सहित अभिभावकगण उपस्थित थे ।

Post a Comment

Previous Post Next Post