Bरौटा बाजार स्थित राजमार्ग 99 पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से सड़क पर जलजमाव की समस्या गंभीर बनी हुई है। स्थानीय दुकानदारों, ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए घंटों सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने बताया कि हाल ही में सड़क निर्माण के दौरान नाला तो बनाया गया, लेकिन नाले के पानी निकासी का कोई स्थायी प्रबंध नहीं किया गया। इसके कारण हल्की बारिश के बाद भी पानी सड़क पर जमा हो जाता है और कई दिनों तक वहीं पड़ा रहता है। सड़क पर जमा गंदा और बदबूदार पानी राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। दुकानदारों का कहना है कि कई बार विभागीय अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में भारी लापरवाही बरती गई, जिसका खामियाजा अब आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। जलजमाव के कारण ग्राहकों का आना कम हो गया है, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। वहीं लंबे समय तक पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है। प्रदर्शन करने वालों में प्रखंड प्रमुख शमीम अख्तर उर्फ लालबाबू, विधायक प्रतिनिधि अकील बदर, मुखिया प्रतिनिधि अतिकुर रहमान, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि जमीर अनवर, प्रेम नाथ भगत, पैक्स अध्यक्ष अख्तर हुसैन, एआईएमआईएम प्रखंड अध्यक्ष शाहिद आलम, पंचायत समिति सदस्य जुबैर आलम, समाजसेवी अनीस अनवर, वार्ड सदस्य मो सादाब, श्रवण साह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। लोगों ने प्रशासन से जल्द स्थायी जल निकासी व्यवस्था कराने, सड़क पर जमा गंदे पानी की सफाई कराने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
सड़क पर बदबूदार जलजमाव से फूटा लोगों का गुस्सा, घंटों सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
Cityhalchal News
0
Post a Comment