पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रवास के उपरांत दिल्ली पहुंचे पूर्णिया विधायक विजय खेमका ने केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से मुलाकात कर पूर्णिया में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग उठाई। इस दौरान विधायक ने केंद्रीय मंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर पूर्णिया क्षेत्र की जनता की ओर से उनका स्वागत किया। मुलाकात के दौरान विधायक खेमका ने कहा कि भागलपुर, पूर्णिया और कोसी प्रमंडल के लोगों को न्याय प्राप्त करने के लिए पटना हाई कोर्ट तक 300 से 400 किलोमीटर की लम्बी दूरी तय करनी पड़ती है। इससे आम लोगों को समय, धन और श्रम तीनों स्तर पर भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि पूर्णिया ऐतिहासिक दृष्टि से 1770 का पुराना जिला है और इस जिला को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आकांक्षी जिला भी घोषित किया गया है। ऐसे में इस सीमावर्ती क्षेत्र सीमांचल के लोगों को सुलभ और त्वरित न्याय दिलाने के लिए पूर्णिया में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना अत्यंत आवश्यक है। विधायक ने यह भी कहा कि इस मुद्दे को वे पहले भी बिहार विधानसभा में उठा चुके हैं और मुख्यमंत्री तथा राज्यपाल को पत्र लिखकर मांग कर चुके हैं। उन्होंने जानकारी दी कि राजपाल की ओर से भी इस संबंध में केंद्र सरकार को अनुशंसा भेजी गई है। केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पूर्णिया सहित सीमांचल क्षेत्र के विकास के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध है। इस विषय में आगे की प्रक्रिया के तहत पटना हाई कोर्ट से विस्तृत रिपोर्ट मांगी जाएगी, जिसके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। विधायक विजय खेमका ने केंद्रीय मंत्री को पूर्णिया आने का निमंत्रण भी दिया और कहा कि उनका संकल्प है कि पूर्णिया के समग्र विकास के साथ-साथ यहां हाईकोर्ट बेंच की स्थापना भी सुनिश्चित की जाए।श्री खेमका ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में एनडीए सरकार के तहत यह मांग अवश्य पूरी होगी।
पूर्णियां में हाईकोर्ट बैंच की स्थापना की माँग को लेकर सदर विधायक ने कानून मंत्री को सौंपा ज्ञापन
Cityhalchal News
0
Post a Comment