Top News

पंचायत सहयोग शिविर का आयोजन, 416 आवेदनों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन

कटिहार जिले के कोढ़ा प्रखंड अंतर्गत बहरखाल पंचायत के सरकार भवन परिसर में मंगलवार को पंचायत सहयोग शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य आम ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाना था। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत किए।
शिविर का विधिवत उद्घाटन कटिहार जिला के प्रभारी मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी, अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) प्रद्युम्न सिंह यादव तथा बहरखाल पंचायत की मुखिया मुनिता कुमारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस मौके पर उपस्थित अधिकारियों ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने की प्रतिबद्धता दोहराई और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने का आश्वासन दिया।
शिविर में प्रखंड स्तर के कई महत्वपूर्ण पदाधिकारी भी मौजूद रहे, जिनमें प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राजकुमार पंडित, अंचलाधिकारी (सीओ) संजीव कुमार, बीपीआरओ प्रियंका कुमारी, आपूर्ति पदाधिकारी मनजीत महेश्वरी, कार्यक्रम पदाधिकारी अजय कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी शामिल थे। इसके अलावा मुखिया प्रतिनिधि विजय सिंह कुशवाहा समेत, सीडीपीओ ऊषा किरण, महिला पर्यवेक्षिका राज श्री , स्वच्छता पर्यवेक्षक उमेश झा भी शिविर में सक्रिय रूप से उपस्थित रहे और ग्रामीणों की समस्याओं को निष्पादन करने में सहयोग किया।
पंचायत सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 416 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें आधार कार्ड से जुड़े मामले, ऊर्जा विभाग की समस्याएं, खाद एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, जीविका, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, शिक्षा विभाग, श्रम संसाधन विभाग, समाज कल्याण विभाग, समेकित बाल विकास परियोजना (आईसीडीएस), सांख्यिकी विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग से संबंधित आवेदन शामिल थे। खास बात यह रही कि प्राप्त सभी 416 आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जिससे ग्रामीणों में काफी संतोष देखने को मिला।
अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के शिविरों का आयोजन सरकार की प्राथमिकता है, ताकि ग्रामीणों को प्रखंड या जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का समाधान उनके गांव में ही हो सके। शिविर में पहुंचे लोगों ने भी इस पहल की सराहना की और कहा कि इससे समय और धन दोनों की बचत होती है।
हालांकि, शिविर के दौरान कुछ ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं के समाधान में देरी को लेकर नाराजगी भी जताई। बहरखाल पंचायत के निवासी मोहम्मद समसुल हक ने बताया कि वे अपनी जमीन से संबंधित जमाबंदी सुधार के लिए पिछले छह महीनों से लगातार सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
इस पर उपस्थित अधिकारियों ने संबंधित मामलों को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी भी आवेदक की समस्या का समाधान लंबित है, तो उसे प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाएगा।
पंचायत सहयोग शिविर के सफल आयोजन से यह स्पष्ट हुआ कि प्रशासन ग्रामीण स्तर पर लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय है। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति और सभी आवेदनों के निष्पादन ने इस पहल को सार्थक बना दिया। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस तरह के शिविरों का आयोजन नियमित रूप से किया जाएगा, ताकि आम जनता को राहत मिलती रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post