Top News

हनुमान जन्मोत्सव पर भक्ति जागरण कार्यक्रम का हुआ आयोजन

शहर के गोलबाजार स्थित श्री गौतम शारदा पुस्तकालय परिसर में श्री हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य भक्ति जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान के साथ गणेश वंदना से हुई, जिसके बाद पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। सहरसा से आए भजन गायक रवि शर्मा एवं गायिका वंश गोयल (गुलाबबाग) ने “जय हनुमान ज्ञान गुन सागर” सहित कई भजनों की मधुर प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्ति गीतों पर उपस्थित श्रद्धालु झूम उठे और पूरा परिसर जयकारों से गूंजने लगा। कार्यक्रम में प्रस्तुत झांकियां आकर्षण का केंद्र बना रहा। झारखंड से आई झांकी टीम ने “कृष्ण-सुदामा मिलन”, “लंका दहन” और “श्रीराम-रावण युद्ध” जैसे प्रसंगों की जीवंत प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। विशेष रूप से “लंका दहन” की झांकी ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इस दौरान भगवान श्रीराम, माता सीता, हनुमान जी, रावण और विभीषण के पात्रों की शानदार प्रस्तुति ने पूरे कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। “जय श्रीराम” और “जय बजरंगबली” के जयकारों से पूरा परिसर गूंजता रहा।
कार्यक्रम के दौरान श्री बालाजी खाटू श्याम मित्र मंडल द्वारा शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी श्री शिव प्रकाश गाड़ोदिया को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और भजन प्रेमी कार्यक्रम में शामिल हुए। अंत में समिति के सदस्यों द्वारा केक काटकर बाबा का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं जलपान की भी व्यवस्था की गई थी।

Post a Comment

Previous Post Next Post