सहरसा–पूर्णिया रेलखंड पर शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें चलती ट्रेन से गिरकर एक अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना मुरलीगंज स्टेशन से पहले स्टेट हाईवे-91 स्थित रेलवे ढाला के पास की है।
बताया जाता है कि सहरसा से पूर्णिया जा रही जनहित एक्सप्रेस (13206) से करीब 55 वर्षीय एक व्यक्ति अचानक गिर पड़ा। हादसे में उसका दाहिना हाथ कट गया, जबकि सिर में भी गंभीर चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग घायल की मदद करने के बजाय मोबाइल से वीडियो और फोटो बनाने में जुटे रहे। इसी दौरान घटना की जानकारी पुलिस और एंबुलेंस को मिली, जिसके बाद घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घायल की पहचान पुर्णिया जिला के जानकीनगर थाना क्षेत्र के चैनपुरा निवासी राजा (55), पिता रुद्र नारायण सिंह के रूप में हुई है। उसे मुरलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए मधेपुरा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों ने बताया कि युवक की हालत नाजुक है और बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग किया। यह घटना एक बार फिर समाज में बढ़ती संवेदनहीनता को उजागर करती है, जहां जरूरतमंद की मदद करने के बजाय लोग तमाशबीन बने रहते हैं।
Post a Comment