रंगों का त्योहार होली कोढा पुलिस की सक्रियता से चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। बुधवार की सुबह से ही लोगों में त्योहार को लेकर खासा उत्साह देखा गया। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर नगर पंचायत के मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह, पुर्व मुख्य पार्षद प्रत्याशी डोमन चौधरी , पार्षद धर्मवीर चौधरी उर्फ पिन्टु, समेत अन्य क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रों में जाकर आमजनों से मुलाकात कर रंग गुलाल लगा कर शुभकामनाएं दी ।
होली के मौके पर शहर के विभिन्न मोहल्लों और चौक-चौराहों पर लोगों ने जमकर रंग-गुलाल उड़ाया और पारंपरिक गीत-संगीत के साथ त्योहार का आनंद लिया। इस बार की होली पर डीजे की धुन दिखाई नहीं दी।
त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। थाना क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी और पुलिस गश्ती दल लगातार इलाके में निगरानी कर रहा था।
प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने भी लोगों से शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में होली मनाने की अपील की थी, जिसका असर साफ तौर पर देखने को मिला। पूरे क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल के बीच लोगों ने आपसी भाईचारे और प्रेम के साथ होली का पर्व मनाया।
Post a Comment