Top News

समृद्धि यात्रा में मधेपुरा पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, करोड़ों की योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास

समृद्धि यात्रा के तहत बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को मधेपुरा पहुंचे, जहां उन्होंने जिले के लिए करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उनके साथ डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, मधेपुरा एवं पूर्णिया की प्रभारी मंत्री लेसी सिंह, विधान पार्षद लालन सर्राफ, विधानसभा के उपसभापति नरेंद्र नारायण यादव तथा विधायक रमेश ऋषिदेव मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले मधेपुरा के नए पुलिस लाइन परिसर पहुंचकर करीब 56 करोड़ रुपये की लागत से बने पुलिस लाइन भवन का उद्घाटन किया। इसके अलावा उन्होंने जिले में 216 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन तथा 86 करोड़ रुपये की नई योजनाओं का शिलान्यास किया।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2005 के बाद बिहार में लगातार विकास कार्य हुए हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में राज्य सरकार लगातार काम कर रही है और इसमें केंद्र सरकार का भी सहयोग मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने जिले में कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा भी की। उन्होंने बताया कि मुरलीगंज चौक से योगीराज तक सड़क चौड़ीकरण, मधेपुरा में डेयरी प्लांट की स्थापना, प्रेक्षा भवन का निर्माण, चौसा में पावर ग्रिड सब-स्टेशन, सिंहेश्वर धाम का विकास, चौसा और आलमनगर में सड़क चौड़ीकरण तथा विभिन्न प्रखंडों में नए अंचल और प्रखंड कार्यालयों का निर्माण कराया जाएगा।
महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में 3 लाख 95 हजार महिलाओं को 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि दी जा चुकी है। आगे उन्हें स्वरोजगार के लिए दो-दो लाख रुपये तक की सहायता देने की योजना पर काम चल रहा है। साथ ही 162 पंचायतों में सुधा दूध बिक्री केंद्र खोले जाएंगे और दूध उत्पादन समितियों का गठन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हर प्रखंड में डिग्री कॉलेज की स्थापना, मधेपुरा सदर अस्पताल को अति विशिष्ट अस्पताल के रूप में विकसित करने और जिले में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की योजना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देना है। अगले पांच वर्षों में राज्य में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सभी जिलों में औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे, जहां उद्योग लगाने के लिए जमीन और अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही बंद पड़ी चीनी मिलों को पुनः चालू करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी चिकित्सकों द्वारा निजी प्रैक्टिस पर सख्ती से रोक लगाने की कार्रवाई की जा रही है और स्वास्थ्य क्षेत्र में निजी निवेश को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इससे पहले डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में सीता माता का भव्य मंदिर बनाया जा रहा है, जबकि केंद्र सरकार के कार्यकाल में राम मंदिर का निर्माण कराया जा चुका है। वहीं जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने मुख्यमंत्री के राज्यसभा जाने के सवाल पर इसे उनका निजी निर्णय बताया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को सुनने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। कार्यक्रम स्थल पर बना पंडाल खचाखच भरा रहा। पूरे इलाके में पुलिस बल की तैनाती की गई थी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post