Top News

खनन माफिया पर कार्रवाई के दौरान बड़ा हादसा: ट्रैक्टर ने 3 को कुचला, 1 की मौत, 2 गंभीर

बिहार के किशनगंज जिले के पोठिया प्रखंड अंतर्गत पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र में खनन माफिया के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। शीतलपुर मोड़ के समीप बालू लदे ट्रैक्टर का पीछा करने के दौरान ट्रैक्टर ने बाइक सवार तीन लोगों को कुचल दिया, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान सतमेरी निवासी 55 वर्षीय मैनुल हक के रूप में हुई है। वहीं, मिर्जापुर निवासी 60 वर्षीय जलालुद्दीन और 7 वर्षीय बच्ची आसिफा गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों का इलाज किशनगंज के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर तेज रफ्तार में था और चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे इस्लामपुर की ओर जा रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। उसकी पहचान बलदिया हाट निवासी नदीम के रूप में हुई है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की 112 टीम जिस ट्रैक्टर का पीछा कर रही थी, उसी दौरान यह हादसा हुआ। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने इस्लामपुर जाने वाली मुख्य सड़क को जाम कर दिया और आगजनी कर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से बालू माफिया सक्रिय हैं और प्रशासन की ढीली कार्रवाई के कारण उनका मनोबल बढ़ा है।
सूचना मिलते ही पहाड़कट्टा, पोठिया, अर्राबाड़ी और छत्तरगाछ ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीपीओ मंगलेश कुमार, प्रभारी सीओ जवाद आलम और टाउन डीएसपी भी भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। अधिकारियों को स्थिति नियंत्रित करने और ग्रामीणों को समझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। प्रशासन ने मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। एसडीपीओ मंगलेश कुमार ने कहा कि ट्रैक्टर चालक की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अवैध बालू खनन से जुड़े पूरे नेटवर्क को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है। करीब तीन घंटे तक सड़क जाम रहने के बाद प्रशासन के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। घटना की सूचना मिलते ही मृतक की पत्नी नोरेतुन बेगम मौके पर पहुंचीं और बदहवास होकर रोने लगीं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post