कटिहार जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। रौतारा और कोलासी थाना क्षेत्र में मंगलवार को चलाए गए सघन वाहन जांच अभियान के दौरान नियम तोड़ने वालों पर जमकर कार्रवाई की गई। बिना हेलमेट और जरूरी कागजात के सड़क पर निकले कई वाहन चालकों का मौके पर ही चालान काटा गया।
जिला प्रशासन के निर्देश पर प्रमुख चौक-चौराहों को टारगेट करते हुए पुलिस ने सुबह से ही चेकिंग शुरू कर दी। कोलासी बाजार में पुलिस शिविर की टीम ने तीन घंटे तक लगातार अभियान चलाया, वहीं रौतारा थाना प्रभारी लालसार बिंद खुद सड़कों पर उतरकर खुदना चौक के पास वाहनों की जांच करते नजर आए।
अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, बीमा और प्रदूषण प्रमाण पत्र की बारीकी से जांच की गई। खास तौर पर बिना हेलमेट बाइक चला रहे लोगों के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए जुर्माना लगाया गया।
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया कि यह अभियान केवल चालान काटने के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए है। लोगों को जागरूक करते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग पर जोर दिया गया।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि आगे भी यह अभियान जारी रहेगा और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment