भवानीपुर प्रखंड क्षेत्र में चल रहे अवैध रूप से संचालित अल्ट्रासाउंड सेंटरों और फर्जी क्लीनिकों के खिलाफ व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। पूर्णिया जिलाधिकारी अंशुल कुमार के निर्देश पर गठित जांच दल ने अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई संचालक अपने प्रतिष्ठान बंद कर मौके से फरार हो गए। जांच दल का गठन धमदाहा एसडीएम अनुपम कुमार के नेतृत्व में किया गया था, हालांकि उनके अवकाश पर रहने के कारण टीम का नेतृत्व धमदाहा एडीएसओ रविंद्र राय ने संभाला। टीम में अमौर रेफरल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एहतेमामूल हक और कसबा अस्पताल की बीएचएम अपराजिता कुमारी भी शामिल रहीं। कार्रवाई के दौरान टीम जब बाजार पहुंची तो कई अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी सेंटरों में ताला लटका मिला। जांच की भनक मिलते ही स्टार पैथोलॉजी एवं अल्ट्रासाउंड सेंटर, पटना अल्ट्रासाउंड एंड पैथोलॉजी, गीता लैब और पूर्णिया डायग्नोस्टिक समेत कुल 17 प्रतिष्ठान बंद कर दिए गए थे। टीम ने सभी बंद सेंटरों की फोटोग्राफी कर साक्ष्य जुटाए और संचालकों की पहचान कर रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी दौरान सारा अल्ट्रासाउंड सेंटर को अवैध रूप से संचालित करते हुए पकड़ा गया। जांच में सामने आया कि यहां बिना किसी मान्यता और प्रशिक्षण के कर्मियों द्वारा महिलाओं का अल्ट्रासाउंड किया जा रहा था। इस पर टीम ने कड़ी नाराजगी जताई और संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। इसके अलावा कई फर्जी क्लीनिकों की भी जांच की गई, जहां बिना लाइसेंस और सरकारी मानकों के विपरीत इलाज किया जा रहा था। टीम ने ऐसे सभी प्रतिष्ठानों के खिलाफ साक्ष्य एकत्र कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने की बात कही है। जांच दल के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध रूप से संचालित सभी अल्ट्रासाउंड सेंटरों, फर्जी नर्सिंग होम और क्लीनिकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध क्लीनिक संचालकों के बीच भय का माहौल बना हुआ है।
फर्जी क्लीनिकों पर शिकंजा: 17 प्रतिष्ठान बंद, इलाके में मचा हड़कंप
Cityhalchal News
0
Post a Comment