Top News

भवानीपुर में नवविवाहिता का फंदे से शव बरामद, हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस

होली के बाद हुई थी शादी, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
भवानीपुर/ बमबम यादव
भवानीपुर थाना क्षेत्र के दुर्गापुर वार्ड संख्या 06 में एक नवविवाहिता का शव फंदे से लटका हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान दिलखुश कुमार पासवान की 19 वर्षीय पत्नी ज्योति देवी के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि ज्योति देवी की शादी हाल ही में होली के आसपास हिंदू रीति-रिवाज के साथ धूमधाम से हुई थी। रविवार को घर के सभी सदस्य खेत में काम करने गए थे। इसी दौरान ज्योति देवी ने कथित रूप से दुपट्टे के सहारे छत से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।
घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। मृतका की मां रीना देवी ने अपने दामाद और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी की हत्या कर उसे फंदे से लटका दिया गया है।
सूचना मिलने पर भवानीपुर थानाध्यक्ष राजकुमार चौधरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उनके साथ अवर निरीक्षक सेलेश कुमार, विकास कुमार, श्रुति कुमारी सहित अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया भेज दिया है। थानाध्यक्ष राजकुमार चौधरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। उन्होंने यह भी बताया कि अभी तक इस मामले में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post