Top News

सीमाँचल में आँधी-तूफान ने मचाई ब्यापक तबाही, ब्रजपात से 4 की मौत

रविवार को सीमाँचल में आई तेज आंधी ने जमकर तबाही मचाई। तेज रफ्तार हवाओं ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि हवाओं की रफ्तार लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई, जिससे हालात बेकाबू हो गए। आंधी इतनी भीषण थी कि कई स्थानों पर बड़े-बड़े पेड़ जड़ से उखड़कर सड़कों पर गिर पड़े। वहीं, कई घरों के टीन शेड हवा में उड़ गए, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं आँधी के बाद रविवार को रुक रुक कर हुई बारिश और ब्रजपात ने भी जमकर तबाही मचाई। नजारा ऐसा था कि दिन में ही रात हो गई थी। कटिहार जिले में जहाँ 3 लोगों की मौत हो गई वहीं पूर्णियां में एक की मौत हुई है। कटिहार जिले के आजमनगर, कोढ़ा और सेमापुर थाना क्षेत्रों में आकशिये बिजली गिरी हैं। मृतकों की पहचान आजमनगर प्रखंड के शीतलमनी पंचायत निवासी 65 वर्षीय मो. अब्बास, कोढ़ा प्रखंड के चंदवा पंचायत निवासी 27 वर्षीय मंगलेश कुमार यादव तथा सेमापुर थाना क्षेत्र के इस्लामपुर सुखासन गांव निवासी 45 वर्षीय अकमल हुसैन के रूप में हुई है। आजमनगर प्रखंड के शीतलमनी पंचायत अंतर्गत कोरोबारी गांव में मो. अब्बास बहियार से मवेशी लाने गए थे। इसी दौरान ठनका गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि अब्बास परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। अंचल अधिकारी मोहम्मद रिजवान आलम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मुआवजा की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वहीं कोढ़ा प्रखंड के चंदवा पंचायत के खुदना गांव में ठनका गिरने से 27 वर्षीय मंगलेश कुमार यादव की मौत हो गई। अचानक मौसम खराब होने के दौरान वह इसकी चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मंगलेश अपने पीछे पत्नी, तीन बेटियां और एक पुत्र छोड़ गए हैं।
इधर सेमापुर थाना क्षेत्र के इस्लामपुर सुखासन गांव में अकमल हुसैन खेत में काम करने गए थे। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हुई और ठनका गिरने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद तीनों क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा देने का आश्वासन दिया है।
वही पूर्णियां जिले के अमौर में तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और भीषण वज्रपात की चपेट में आने से भवानीपुर पंचायत के सेहालो गांव निवासी 35 वर्षीय रेहाना खातून की मौके पर ही मौत हो गई।मृतका के पिता मो. जहांगीर ने बताया कि शनिवार रात अचानक मौसम खराब हो गया। तेज आंधी और बारिश के बीच रेहाना खातून घर के दरवाजे पर गिरे आम के टिकोले चुनने के लिए बाहर निकली थीं। इसी दौरान अचानक आसमान से गिरी बिजली की चपेट में आ गईं। वज्रपात इतना तेज था कि वह गंभीर रूप से झुलस गईं और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि मृतका के पति साबीर आलम हरियाणा के पानीपत में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे। रेहाना खातून अपने पीछे पांच मासूम बेटियों को छोड़ गई हैं, जिनके सिर से मां का साया उठ गया है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और खेतों में जाने से बचें तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post