पडोसी देश नेपाल के आम चुनाव में वोटों की गिनती अभी जारी है, लेकिन रैपर से नेता बने बालेन शाह शुरुआती रुझानों में निर्णायक बढ़त लेते दिख रहे हैं। इससे यह संकेत मिल रहा है कि वो देश के अगले प्रधानमंत्री बन सकते हैं।
जनवरी तक राजधानी काठमांडू के मेयर रहे शाह का, गुरुवार को हुए आम चुनावों में कई बड़े नेताओं से मुक़ाबला था। इनमें नेपाल की कम्युनिस्ट पार्टी (यूएमएल) के नेता और पूर्व प्रधानमंत्री केपी ओली और नेपाली कांग्रेस के गगन थापा भी शामिल हैं। समाचार लिखे जाने तक बालेन शाह की पार्टी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) 165 प्रत्यक्ष निर्वाचित सीटों में से दो-तिहाई से ज़्यादा सीटों पर आगे चल रही है। नेपाली कांग्रेस दूसरे स्थान पर काफी पीछे है, जबकि यूएमएल तीसरे स्थान पर है।
चुनाव आयोग के अनुसार, शनिवार दोपहर तक आरएसपी ने 24 सीटों पर जीत दर्ज की जबकि 93 सीटों पर आगे है। नेपाली कांग्रेस के खाते में एक सीट आई है और वो 11 सीटों पर आगे है. यूएमएल ने अभी तक एक सीट पर जीत दर्ज़ की है जबकि दस सीटों पर आगे है। अंतिम नतीजे आने में अभी वक़्त है। पहाड़ी क्षेत्र के कारण नेपाल में मतगणना आम तौर पर धीमी होती है।
दूरदराज के इलाकों से मतपेटियां लाने के लिए हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल करना पड़ता है। इसलिए अंतिम परिणाम आने में कई दिन लग सकते हैं। पिछले आम चुनाव 2022 में अंतिम परिणाम आने में दो हफ़्ते से ज़्यादा समय लगा था।
Post a Comment