होली पर्व के दिन कोढ़ा क्षेत्र के कोलासी पुल के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हाजीपुर निवासी 19 वर्षीय जीशान अहमद अपने साथ 6 वर्षीय मोहम्मद निसार के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से कोलासी बाजार से घर का सामान खरीदकर वापस हाजीपुर लौट रहे थे। इसी दौरान कटिहार की ओर से कोलासी की तरफ आ रहे नगर थाना के होमगार्ड जवान बिट्टू कुमार की बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए कटिहार सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जीशान अहमद को मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय होमगार्ड जवान शराब के नशे में था। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment