कुर्सेला नगर पंचायत स्थित कुर्सेला बाजार में भीषण आग लगने से लगभग 500 दुकानों के जलकर राख हो जाने की दर्दनाक घटना के बाद कोढ़ा कटिहार की स्थानीय निवासी जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह ने कुर्सेला बाजार घटनास्थल पहुंचकर पीड़ित दुकानदारों से मुलाकात की और हालात का जायजा लिया।
इस दौरान उनके साथ स्थानीय जिला परिषद सदस्य उमेश यादव एवं समेली के जिला परिषद प्रतिनिधि रोशन मंडल भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने जली हुई दुकानों का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया और पीड़ित व्यवसायियों की समस्याएं सुनीं।
जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है, जिससे सैकड़ों परिवारों की आजीविका पर गहरा असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि कई दुकानदारों की जीवनभर की कमाई आग में स्वाहा हो गई है और ऐसे समय में सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल राहत प्रदान करनी चाहिए।
उन्होंने बिहार सरकार से मांग की कि प्रभावित व्यवसायियों को शीघ्र मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे अपने कारोबार को दोबारा खड़ा कर सकें और अपने परिवारों का भरण-पोषण कर सकें।
मौके पर मौजूद दुकानदारों ने प्रशासन से राहत शिविर, अस्थायी दुकान की व्यवस्था और आर्थिक सहायता की भी मांग की। जिला परिषद अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि वे इस मुद्दे को संबंधित विभागों के समक्ष मजबूती से उठाएंगी, ताकि पीड़ितों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।
Post a Comment