किशनगंज रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म टिकट नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए रेलवे प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया है। स्टेशन पर बिना प्लेटफॉर्म टिकट के घूमने वाले लोगों पर अब लगातार कार्रवाई की जा रही है। रविवार और सोमवार को भी यह अभियान चलाया गया।इस अभियान के तहत न्यू जलपाईगुड़ी (एनजेपी) से आई 6 सदस्यीय टीम सक्रिय रूप से कार्यरत है, जबकि स्थानीय स्तर पर 4 सदस्यीय टीम भी जुटी हुई है।जानकारी के अनुसार यह विशेष टिकट जांच अभियान रेल राजस्व की सुरक्षा और स्टेशन पर अनधिकृत भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। टीम के सदस्य यात्रियों से प्लेटफॉर्म टिकट दिखाने की मांग कर रहे हैं। जो यात्री बिना टिकट प्लेटफॉर्म पर प्रवेश कर रहे हैं या घूम रहे हैं, उन पर तत्काल चालान काटा जा रहा है। जुर्माना राशि 250 रुपये लगाया जा रहा है।अभियान में शामिल टीम में सुबोदीप (टीटीई) सहित अन्य टिकट जांच कर्मचारी प्रमुख रूप से कार्यरत हैं। टीम स्टेशन के प्रवेश द्वार, प्लेटफॉर्म और निकास स्थलों पर चेकिंग कर रही है। कई यात्रियों को बिना टिकट पकड़े जाने पर तुरंत जुर्माना भरना पड़ रहा है। रेलवे का कहना है कि प्लेटफॉर्म टिकट केवल 10 रुपये का होता है, लेकिन बिना टिकट प्रवेश पर न्यूनतम 250 रुपये का जुर्माना लगता है। यह कार्रवाई यात्रियों को नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ स्टेशन की सुरक्षा और सुव्यवस्था बनाए रखने में सहायक साबित हो रही है।
स्थानीय यात्रियों का कहना है कि पहले प्लेटफॉर्म टिकट की चेकिंग इतनी सख्त नहीं थी, लेकिन अब अभियान चलने से लोग सतर्क हो गए हैं।रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान अस्थायी नहीं है, बल्कि नियमित रूप से ऐसे चेकिंग अभियान चलाए जाते रहेंगे ताकि बिना टिकट यात्रा या प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ को रोका जा सके।
Post a Comment