Top News

महात्मा गांधी की 78वीं पुण्य स्मृति पर गांधी घर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित


राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 78वीं पुण्य स्मृति के अवसर पर गुरुवार को गांधी घर, कुरसेला में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सांसद नरेश यादव ने की। इस अवसर पर हरिजन सेवक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शंकर कुमार सान्याल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नरेश प्रसाद यादव, हरिजन सेवक संघ बिहार के अध्यक्ष राम कुमार मंडल, गांधी आश्रम के अध्यक्ष महेश राय, पूर्व जिला पार्षद गोपाल प्रसाद यादव, राजद नेत्री बंदना यादव सहित अन्य गणमान्य लोगों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में क्षेत्र के छात्र-छात्राओं द्वारा लोकगीत एवं गांधीजी के प्रिय भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिससे वातावरण भावुक और श्रद्धामय हो गया।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नरेश प्रसाद यादव ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा गांधी के आदर्शों पर चलकर ही असंतुलित दुनिया को संतुलित किया जा सकता है। यदि हम गांधीजी के स्वराज के सपने को साकार करना चाहते हैं तो शिक्षा पर विशेष जोर देना होगा।
वहीं डॉ. शंकर कुमार सान्याल ने कहा कि गांधीजी के बताए मार्ग पर चलकर ही देश में व्याप्त उन्माद और नफरत की राजनीति पर विराम लगाया जा सकता है। आपसी प्रेम, शांति, सद्भाव, भाईचारा और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करते हुए गांधीजी के मूल मंत्र ‘ग्राम स्वराज’ को धरातल पर उतारना ही एक स्वच्छ, सुंदर और शिक्षित समाज के निर्माण का मार्ग है।
वक्ताओं ने कहा कि गांधी घर एक ऐतिहासिक धरोहर है, जहां देश की कई महान विभूतियों के पदचिह्न पड़े हैं। संत विनोबा भावे, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. जाकिर हुसैन, निर्मला देशपांडे, लोकनायक जयप्रकाश नारायण, दादा धर्माधिकारी, कामराज नाडार, यूएन डेभर, कर्पूरी ठाकुर, एसएम जोशी और परमहंस महर्षि मेंही दास जैसे महान व्यक्तित्व यहां आ चुके हैं। लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने यहां एक सप्ताह से अधिक समय तक प्रवास किया था। गांधी घर देश के सोलह प्रमुख आश्रमों में से एक है और आज भी इतिहास का साक्षी बनकर खड़ा है।
कार्यक्रम में पंच-सरपंच संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष किरण देव यादव, रुक्मिणी साहा, राजो देवी, इसरत खातून, रातो देवी, मिर्जा देवी, मंजू वर्मा, रुक्मिणी देवी, मंजू देवी, प्रियंका देवी, हीरा देवी, आशुतोष कुमार, कंचन देवी, नीरा देवी, रेखा देवी, रीता देवी, सत्येंद्र शांडिल्य, रविंद्र पासवान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post