कोढ़ा प्रखंड में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए केनरा बैंक और जीविका के संयुक्त तत्वावधान में महिला उद्यमिता विकास केंद्र के माध्यम से एक दिवसीय रोजगार परख प्रशिक्षण सह ऋण मार्गदर्शन कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में कुल 35 जीविका दीदियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में केनरा बैंक के एजीएम श्री सुजीत कुमार, डीएम सूचित कुमार रजक, शाखा प्रबंधक, बीपीएम उतमानंद भारती सहित जीविका के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने महिलाओं के आर्थिक उत्थान, स्वरोजगार के अवसर और बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी देते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर 18 जीविका दीदियों को व्यक्तिगत ऋण भी वितरित किया गया। साथ ही पूर्व में वितरित ऋण की सीमा बढ़ाने के लिए वरीय अधिकारियों द्वारा शाखा प्रबंधक को आवश्यक निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि निकट भविष्य में सभी जीविका दीदियों को उद्यमिता प्रशिक्षण देकर व्यक्तिगत ऋण से आच्छादित किया जाएगा।
कार्यशाला के दौरान दीदियों द्वारा निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे उपस्थित पदाधिकारियों ने सराहा और उनके प्रयासों की प्रशंसा की। कार्यक्रम ने महिला उद्यमिता को नई दिशा देने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का संदेश भी दिया।
Post a Comment