पूर्णिया/विकास कुमार झा
केनगर प्रखंड के गणेशपुर परोरा में बिहार इथेनॉल उत्पादन प्रोत्साहन नीति, 2021 के अंतर्गत 105 करोड़ की लागत से स्थापित देश की पहली ग्रीन फील्ड ग्रेन बेस्ड इथेनॉल उत्पादन इकाई का शुभारंभ करने शनिवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहुंचे। मुख्यमंत्री के आने की सूचना पाते ही पूर्णिया की पूर्व महापौर विभा कुमारी, जदयू के वरिष्ठ नेता जितेंद्र यादव, जदयू जिलाध्यक्ष श्रीप्रसाद महतो अपने कई समर्थकों के साथ कार्यक्रम स्थल परोरा गणेशपुर पहुंचे। इनलोगों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हैलीकॉप्टर से नीचे उतरते ही बुके देकर उनका स्वागत किया तथा धन्यवाद दिया
।
मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए पूर्णिया की पूर्व महापौर विभा कुमारी ने कहा कि देश की पहली ग्रीन फील्ड ग्रेन बेस्ड इथेनॉल उत्पादन इकाई का शुभारंभ पूर्णिया जिले में होने से कोसी-सीमांचल के किसानों में उम्मीद की नई किरण जगी है। उन्होंने कहा कि इथेनॉल प्लांट लगने से कोसी-सीमांचल के किसानों को उनकी उपज की अच्छी कीमत मिलेगी। अब किसानों को बिचौलियों एवं साहूकारों के चंगुल से छुटकारा मिलेगा।
वहीं जदयू के वरिष्ठ नेता जितेंद्र यादव ने कहा कि यह देश की पहली ग्रीन फील्ड ग्रेन बेस्ड इथेनॉल उत्पादन इकाई है जहां पर मक्का एवं धान से इथेनॉल का उत्पादन किया जाएगा। इससे किसानों को उनकी फसल का न्यूनतम निर्धारित मूल्य मिलेगा। साथ ही रोजगार का भी सृजन होगा। पूर्व महापौर विभा कुमारी एवं जदयू नेता जितेंद्र यादव ने इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है। इस मौके पर मुख्य रूप से जदयू जिलाध्यक्ष श्रीप्रसाद महतो, अमित शर्मा उर्फ पप्पू शर्मा, राजेश राय, मनोज पासवान, प्रशांत कुशवाहा, विवेका यादव, ताल्हा सलीम सहित कई लोग मौजूद थे।