Top News

माता-पिता की मृत्यु से अनाथ हुए पांच बच्चों को मिला मम्मी जी का साथ



गया से आशीष कुमार कि रिपोर्ट

बोधगया। बाराचट्टी प्रखंड के सरवां पंचायत अंतर्गत सरवां गांव निवासी सरिता देवी की मृत्यु गत दिनों हो गई थी उनकी मृत्यु के बाद उनके पांच छोटे-छोटे बच्चे अनाथ हो गए। घटना की सूचना के बाद बुधवार को बोधगया में रहकर गरीबों व पिछड़ों के उत्थान के लिए कार्य करने वाली फ्रांसीसी समाज सेविका डॉ जेने पेरे उर्फ मम्मी जी के निर्देश पर  समाजसेवी मुन्ना पासवान के नेतृत्व में एक टीम ने गांव में जाकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की।


इस दौरान श्री पासवान ने महिला के अंतिम संस्कार के लिए परिवार को आर्थिक मदद उपलब्ध कराई साथ ही महिला की मौत से अनाथ हो गए उसके पांच बच्चों को संस्था द्वारा गोद लेने की भी घोषणा की। इस दौरान श्री पासवान ने बताया कि संस्थान के द्वारा उक्त पांचों बच्चों के पढ़ाई लिखाई सहित रहने की भी व्यवस्था की जाएगी। मौके पर उपस्थित सरवां पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि संजय कुमार दांगी ने बताया कि महिला के पति श्रवण चौधरी की मृत्यु गत वर्ष हो गई थी। अब सरिता देवी की मौत हो जाने से उसके पांचों बच्चे अनाथ हो गए थे। उन्होंने बताया कि महिला की मृत्यु के बाद उसके आठ वर्षीय पुत्र शंकर कुमार, छह वर्षीय बच्ची चांदनी कुमारी, पांच वर्षीय बच्ची शिवानी कुमारी, तीन वर्षीय पुत्र श्याम कुमार तथा तीन वर्षीय बच्ची सुरुचि कुमारी अनाथ हो गए थे। ग्रामीणों के सहयोग से महिला का अंतिम संस्कार तो कर दिया गया था, लेकिन बच्चों के पालन पोषण का संकट खड़ा हो गया था। मम्मी जी एजुकेशनल चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा पांचों बच्चों को गोद लेने की घोषणा पर ग्रामीणों ने संस्था व फ्रांसीसी समाजसेविका डॉ. जेने पेरे उर्फ मम्मी जी के प्रति आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post