अंडर-13 और अंडर-15 वर्गों में खिलाड़ियों ने दिखाया दम, विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले
पूर्णियां/सिटी हलचल न्यूज़
पूर्णिया। रमेश चंद्र मिश्रा मेमोरियल तृतीय बिहार राज्य टेबल टेनिस रैंकिंग टूर्नामेंट के दूसरे दिन अंडर-13 और अंडर-15 बालक एवं बालिका वर्ग के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों के बीच हुए मुकाबलों में प्रतिभा, कौशल और खेल भावना का बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला।
अंडर-13 बालक वर्ग में मधेपुरा के उत्कर्ष रिगन ने शानदार खेल दिखाते हुए विजेता का खिताब जीता। पटना के विराट नारायण उपविजेता रहे। वहीं, पटना के एल्विन बोरो और अनिकेत राज ने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया।
अंडर-15 बालक वर्ग में पटना के आयुष मिश्रा ने बाजी मारते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया। सहरसा के हिमांशु कुमार उपविजेता रहे, जबकि पटना के विराट नारायण और एल्विन बोरो सेमीफाइनलिस्ट बने।
बालिका वर्ग में मुजफ्फरपुर की निलांजना का दबदबा रहा। उन्होंने अंडर-13 और अंडर-15, दोनों वर्गों में विजेता का खिताब अपने नाम कर दोहरी सफलता हासिल की। अंडर-13 वर्ग में सहरसा की कीर्ति मिश्रा उपविजेता रहीं। पटना की वैष्णवी कुमारी और मधेपुरा की आराध्या सेमीफाइनल तक पहुंचीं। वहीं, अंडर-15 वर्ग में पटना की नव्या लक्ष्मी उपविजेता रहीं। पटना की नूपुर बनर्जी और मुजफ्फरपुर की अर्णा सावनी सेमीफाइनलिस्ट बनीं।प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों के उत्साह, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक भावना ने आयोजन को खास बना दिया। विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने राज्य में टेबल टेनिस की बढ़ती प्रतिभा को भी प्रदर्शित किया।

Post a Comment