फलका प्रखंड के सालेहपुर-महेशपुर में आयोजित तीन दिवसीय तब्लीगी इज्तेमा में जायरीनों की उमड़ रही भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। रविवार रात गेराबाड़ी मुख्य बाजार चौक पर कटिहार सदर-2 के एसडीपीओ सुनील कुमार शर्मा, कोढ़ा थानाध्यक्ष पंकज आनंद और अपर थानाध्यक्ष कुणाल कुमार ने खुद मोर्चा संभालते हुए यातायात व्यवस्था नियंत्रित की।
रात करीब आठ बजे से 11 बजे तक पुलिस अधिकारी सड़क पर उतरकर विभिन्न मार्गों पर वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित कराते रहे। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश देते हुए जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं होने देने और जायरीनों के साथ आम राहगीरों के आवागमन को सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया।
इज्तेमा में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण गेराबाड़ी मुख्य बाजार चौक पर यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए महत्वपूर्ण चुनौती थी। ऐसे में अधिकारियों की सक्रियता से यातायात नियंत्रण में मदद मिली। भीड़ के बीच पुलिस की मुस्तैदी से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की आवाजाही सुचारु रखने का प्रयास किया गया।
Post a Comment