भट्ठा चित्रवाणी रोड स्थित स्वर्गीय जयकृष्ण मंडल सामुदायिक भवन में रविवार को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा की सफलता को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं विधायक प्रतिनिधियों की तैयारी बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता पूर्णिया विधायक विजय खेमका ने की। इसमें पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र के पांचों भाजपा मंडलों के अध्यक्ष, महामंत्री, शक्ति केंद्र प्रमुख एवं प्रभारी तथा नगर निगम के सभी 40 वार्डों के वार्ड प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने आगामी 4 जनवरी को जिला स्कूल से भट्ठा बाजार होते हुए निकलने वाली पदयात्रा को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। विधायक विजय खेमका ने कहा कि पदयात्रा का नेतृत्व असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा करेंगे। उन्होंने दावा किया कि पदयात्रा में आम जनता के साथ करीब 25 हजार भाजपा कार्यकर्ता शामिल होंगे।
विधायक ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सत्ता की लालसा में कांग्रेस देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही है और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान का मखौल बना रही है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक केंद्र की सत्ता में रहने वाली कांग्रेस के पास अपने शासनकाल से जुड़े सवालों का जवाब नहीं है। देश और बिहार की जनता कांग्रेस एवं राहुल गांधी को पहले ही नकार चुकी है।
खेमका ने कहा कि कांग्रेस की तुष्टीकरण की राजनीति और दोहरे चरित्र से युवा, आम नागरिक और समाज का हर वर्ग परिचित है। उन्होंने कांग्रेस और इंडी गठबंधन की दिल्ली रैली को भी फ्लॉप बताया।
विधायक ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और इसकी लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं संवैधानिक संस्थाओं को कोई कमजोर नहीं कर सकता। भाजपा पदयात्रा के माध्यम से कांग्रेस की नीतियों, तुष्टीकरण की राजनीति और राहुल गांधी की सोच के प्रति जनता को जागरूक करेगी। उन्होंने सभी मंडल अध्यक्षों, शक्ति केंद्र प्रभारियों, कार्यकर्ताओं एवं विधायक प्रतिनिधियों से अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर पदयात्रा को सफल बनाने की अपील की।
Post a Comment