Top News

बेटी के ससुराल से लौटने के दौरान हादसा, पंजाब जाकर मजदूरी करने की थी तैयारी

पूर्णियाँ /बालमुकुन्द यादव 

बरहरा कोठी। बरहरा कोठी प्रखंड क्षेत्र में बाबा बरुणेश्वर स्थान से राजघाट जाने वाली मुख्य सड़क पर सिरसिया-पर्वत्ता मुसहरी के समीप तेज रफ्तार टोटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गया। हादसे में टोटो सवार 62 वर्षीय अर्जुन ऋषिदेव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी मंजू देवी समेत अन्य सवार घायल हो गए। मृतक मटिहानी पंचायत के शिशवा गांव के निवासी थे।मृतक की पत्नी मंजू देवी ने बताया कि वह अपने पति अर्जुन ऋषिदेव, पड़ोसी रघुवीर ऋषिदेव और अन्य परिजनों के साथ पड़ोसी विपिन यादव का टोटो आरक्षित कर अपनी बेटी के ससुराल विशनपुर-निरपुर बरान गई थीं। शाम को टोटो चालक की पत्नी ने फोन कर उसे जल्द घर लौटने के लिए कहा। इसके बाद चालक तेज रफ्तार से टोटो लेकर निकला। इसी दौरान सिरसिया-पर्वत्ता मुसहरी के समीप टोटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने टोटो में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक अर्जुन ऋषिदेव की मौत हो चुकी थी।

पंजाब जाकर करनी थी मजदूरी

अर्जुन ऋषिदेव मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी मंजू देवी, दो बेटे और छह बेटियां हैं। वह मजदूरी करने पंजाब जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच बेटी से मिलने उसके ससुराल गए थे। वहां से लौटने के दौरान हुए हादसे ने उनकी जान ले ली। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Post a Comment

Previous Post Next Post