Top News

अररिया में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 332 ग्राम स्मैक बरामद



 जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पलासी, अररिया और ताराबाड़ी थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर कुल 332.32 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है। इस दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पहली कार्रवाई पलासी थाना क्षेत्र के चरैबना गांव के वार्ड संख्या-01 में की गई। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर तजमुल को उसके घर से 111 ग्राम स्मैक जैसे मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया। वहीं, इस मामले में आरोपित राजाबुल उर्फ टोकना मौके से फरार हो गया। मामले में पलासी थाना कांड संख्या 451/26 दर्ज किया गया है।

दूसरी कार्रवाई अररिया थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से स्मैक की खेप लेकर एक व्यक्ति जोगबनी के रास्ते फारबिसगंज जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने मालदा जिले के बैष्णवनगर थाना क्षेत्र निवासी करीब 50 वर्षीय अब्दुल करीम अली को गिरफ्तार किया। उसके पास से 194.74 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ और एक मोबाइल बरामद किया गया। पुलिस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।

वहीं, ताराबाड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने पेटहाना गांव के वार्ड संख्या-01 निवासी विकास विश्वास उर्फ विकास कुमार यादव (30) को 26.58 ग्राम स्मैक और एक कीपैड मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ ताराबाड़ी थाना कांड संख्या 71/26, दिनांक 4 मई 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(C)/21(b)/29 के तहत मामला दर्ज है।

तीनों कार्रवाइयों में कुल 332.32 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क, सप्लायर और अन्य सहयोगियों की जानकारी जुटा रही है। वहीं, फरार आरोपी राजाबुल उर्फ टोकना की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post