बैसा /सिटी हलचल न्यूज़
पूर्णिया : बैसा प्रखंड के अनगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने संध्या गश्ती के दौरान पीपलतोड़ा मोड़ के पास कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 1.13 ग्राम एमडीएमए जैसा संदिग्ध मादक पदार्थ, 25,190 रुपये नकद, छह मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और आधार कार्ड बरामद किया गया है।अनगढ़ थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि 19 अक्टूबर 2026 को संध्या गश्ती के दौरान पुलिस टीम पीपलतोड़ा मोड़ पहुंची तो सड़क किनारे तीन व्यक्ति बैठे दिखाई दिए
पुलिस वाहन को देखते ही तीनों भागने लगे। पुलिस बल ने खदेड़कर एक युवक को पकड़ लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान पीपलतोड़ा वार्ड संख्या एक निवासी मो. नदीम जफर (22) के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक से पूछताछ कर मामले में शामिल अन्य लोगों और उनके संपर्कों का पता लगाया जा रहा है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार युवक को जेल भेज दिया गया।इस कार्रवाई में पुलिस अवर निरीक्षक सुनील पासवान, महिला सिपाही रवीना कुमारी तथा गृह रक्षक आशीष कुमार और दीपसागर कुमार शामिल थे।


Post a Comment