Top News

अवैध बालू कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, चार ट्रैक्टर जब्त, चार चालक गिरफ्तार

किशनगंज/सिटी हलचल न्यूज़ 

पोठिया। अवैध बालू खनन एवं गैरकानूनी परिवहन के खिलाफ अर्राबाड़ी थाना पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए चार डबल डाला ट्रैक्टरों को जब्त किया है। पुलिस ने मौके से चारों ट्रैक्टर चालकों को भी गिरफ्तार किया है। कार्रवाई थानाध्यक्ष कनक लता के नेतृत्व में रायपुर पंचायत के केशोरझाड़ा जूट फैक्ट्री के समीप की गई।पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र में अवैध बालू परिवहन की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने छत्तरगाछ की ओर से आ रहे चार डबल डाला ट्रैक्टरों को केशोरझाड़ा जूट फैक्ट्री के पास घेराबंदी कर रोक लिया। जांच के दौरान सभी ट्रैक्टरों पर बालू लदा पाया गया


इसके बाद पुलिस ने चारों वाहनों को जब्त कर चालकों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार चालकों की पहचान फारूक (34), पिता इब्राहिम, निवासी कोल्था पुल, थाना पोठिया; नाजिर (19), पिता शमीमुद्दीन, निवासी छत्तरगाछ, थाना पहाड़कट्टा; मनोज पासवान (20), पिता रामचंद्र पासवान, निवासी छत्तरगाछ, थाना पहाड़कट्टा तथा मो. तस्लीम (24), पिता अख्तरुद्दीन, निवासी छत्तरगाछ, थाना पहाड़कट्टा के रूप में हुई है। जब्त वाहनों में दो स्वराज और दो सोनालिका ट्रैक्टर शामिल हैं

पुलिस के अनुसार, अर्राबाड़ी थाना क्षेत्र में अगस्त माह में तीन, सितंबर में दो तथा अक्टूबर के शुरुआती दो दिनों में पांच ट्रैक्टर जब्त किए जा चुके हैं। लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप है।थानाध्यक्ष कनक लता ने बताया कि मामले की सूचना वरीय पदाधिकारियों एवं खनन विभाग को दे दी गई है। गिरफ्तार चालकों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और बालू के गैरकानूनी परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post