पूर्णियां/सिटी हलचल न्यूज़
जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, पूर्णिया में शुक्रवार को ‘सुरक्षित बचपन–बोलो, बताओ, बचाओ’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बच्चों को अच्छे और बुरे स्पर्श की पहचान, व्यक्तिगत सुरक्षा और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में विशेषज्ञ वक्ता रवि कुमार और एम.डी. अफताब राजा ने विद्यार्थियों को सरल तरीके से अच्छे और बुरे स्पर्श के बीच अंतर समझाया। उन्होंने बच्चों को अपने शरीर की सुरक्षा, व्यक्तिगत सीमाओं, निजता और आत्मसम्मान के महत्व की जानकारी दी। साथ ही बताया कि किसी भी असहज या अनुचित परिस्थिति में चुप रहने के बजाय निडर होकर अपनी बात कहनी चाहिए और तुरंत अभिभावकों या शिक्षकों को इसकी जानकारी देनी चाहिए।विद्यालय की निदेशक-प्रधानाचार्या पुलोमा नंदी ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी असहज परिस्थिति में बिना डर के अभिभावकों और शिक्षकों से बात करने की अपील की।
कार्यक्रम में उपप्रधानाचार्य राज कुमार दास, प्रशासक प्रीतम दास, पूर्व-प्राथमिक समन्वयक इंद्राणी मुखर्जी और प्राथमिक समन्वयक विवेक गुप्ता उपस्थित रहे। समापन पर उपप्रधानाचार्य राज कुमार दास ने धन्यवाद ज्ञापन किया और विशेषज्ञ वक्ताओं के प्रति आभार जताया।कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को जागरूकता, संवाद और आत्मविश्वास के जरिए अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया। विद्यालय प्रबंधन ने बच्चों के लिए सुरक्षित, संवेदनशील और भयमुक्त वातावरण बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Post a Comment