कटिहार के कोशी रेलवे फुटबॉल स्टेडियम, न्यू कॉलोनी में आयोजित जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में सुतारा मेंहीं प्लस टू विद्यालय, कुरसेला के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय की अंडर-14 एवं अंडर-17 वॉलीबॉल टीम ने जीत दर्ज की। वहीं एथलेटिक्स, लॉन्ग जंप, हाई जंप, खो-खो, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो और रेसलिंग में खिलाड़ियों ने गोल्ड व सिल्वर मेडल हासिल किए।
प्रतियोगिता में अंकित कुमार ने 100 मीटर, 200 मीटर दौड़, लॉन्ग जंप और वॉलीबॉल में बेहतर प्रदर्शन कर पदक जीते। राजा कुमार ने हाई जंप, लॉन्ग जंप और खो-खो में पदक हासिल किया। अंडर-14 खो-खो टीम के कप्तान मोनू कुमार के नेतृत्व में टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए गोल्ड मेडल प्राप्त किया। वहीं वॉलीबॉल टीम के कप्तान दिवांशु कुमार ने शॉटपुट और डिस्कस थ्रो में गोल्ड मेडल जीता। सचिन कुमार ने शॉटपुट, डिस्कस थ्रो और रेसलिंग में पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
विद्यालय के निर्देशक प्रभात कुमार सिंह ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में पढ़ाई के साथ खेल प्रतिभाओं को निखारने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
विद्यालय की निर्देशिका पूनम प्रभात ने कहा कि विद्यालय क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच और निरंतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने खिलाड़ियों को आगे भी इसी तरह मेहनत जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के मार्गदर्शन, प्रशिक्षकों के सहयोग और नियमित अभ्यास को दिया। प्रतियोगिता में मिली इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार और अभिभावकों में खुशी का माहौल है।
Post a Comment