Top News

कुरसेला थाना परिसर में दिखाया गया एकता परेड का सीधा प्रसारण


कुरसेला। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर कुरसेला थाना परिसर में एकता परेड-2026 का सीधा प्रसारण बड़ी स्क्रीन पर दिखाया गया। गृह मंत्रालय, भारत सरकार एवं बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस बल और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।

गुजरात के एकतानगर में आयोजित एकता परेड का सीधा प्रसारण शाम 5:30 बजे से किया गया। इसका उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करने के साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश देना था।

कार्यक्रम में सुतारा मेहीं मिशन प्लस टू विद्यालय, लंदन किड्स, बिहार पब्लिक स्कूल तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुरसेला ग्राम के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। बच्चों ने बड़ी स्क्रीन पर परेड का प्रसारण देखा और राष्ट्रीय एकता के महत्व को समझा।

इस अवसर पर थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस देश की एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव बनाए रखने का संदेश देता है। सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके विचारों और आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।

मौके पर पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल, विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post