कुरसेला। कुरसेला नगर पंचायत के कुरसेला ग्राम में शनिवार को साहब श्री हरिंद्रानंद का 78वां जन्मदिवस शिव शिष्य परिवारों ने अवतरण दिवस के रूप में हर्षोल्लास और श्रद्धापूर्वक मनाया। कार्यक्रम में सैकड़ों शिव शिष्य शामिल हुए। आयोजन की शुरुआत साहब श्री हरिंद्रानंद एवं नीलम दीदी के तैलचित्र के समक्ष केक काटकर की गई। इसके बाद शिव चर्चा का आयोजन हुआ, जिसमें दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे शिव शिष्यों ने भाग लिया।
इस दौरान शिव शिष्य हरि मंडल एवं अभय कुमार ने शिव चर्चा के तीन मूल सूत्रों दया मांगना, चर्चा करना और नमन करना के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि पहले सूत्र के तहत भगवान शिव से सच्चे मन से दया की प्रार्थना कर उनकी शरण में आने की कामना की जाती है। दूसरे सूत्र के अंतर्गत परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों के बीच भगवान शिव की महिमा एवं उनके गुरु स्वरूप की चर्चा की जाती है। वहीं, तीसरे सूत्र के तहत मन ही मन अथवा 'ॐ नमः शिवाय' मंत्र का जाप करते हुए शिव गुरु को नमन किया जाता है।
उन्होंने कहा कि इन तीन सरल सूत्रों को अपनाकर कोई भी व्यक्ति शिव चर्चा में भाग ले सकता है और दूसरों को भी शिव गुरु की महिमा से परिचित करा सकता है। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के बीच खीर महाप्रसाद का वितरण किया गया।
इस अवसर पर रमेन्द्र कुमार रवि, कमल किशोर मंडल, डॉ. पंचानंद, हरदेव मंडल, रुपेश कुमार राय, दिवाकर कुमार राय, पूनम रानी, रिंकू कुमारी, रानी, शीला, विनीका, आशा, नीतू देवी, ननकी बहन, राजकुमार, शंभू बिहारी एवं मनोज कुमार मंडल सहित बड़ी संख्या में शिव शिष्य परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
Post a Comment