शहर में पहली बार आयोजित नाइट मैराथन ने स्वास्थ्य, फिटनेस और महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता का संदेश दिया। पूर्णिया रन्स क्लब एवं गुलाबबाग के हेल्दी स्टेप्स की ओर से आयोजित इस मैराथन में पुरुषों के साथ महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिला प्रतिभागियों की संख्या पुरुषों के लगभग बराबर रही।
समाजसेवी एवं युवा आइकॉन रवि रंजन के नेतृत्व में आयोजित मैराथन का उद्देश्य लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के साथ महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का भाव पैदा करना था। इसमें पूर्णिया रन्स क्लब से जुड़े सॉरी राय, शबाना आजमी, आयुष आनंद, रवि रंजन, ऋतिक, डॉ. हिमांशु, अमन एवं अमन वर्मा सहित कई लोगों ने हिस्सा लिया।
मैराथन की खास बात रही कि इसमें 3 वर्ष के बच्चे से लेकर 60 वर्ष तक के लोगों ने भाग लिया। सभी आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने 5 किलोमीटर की दौड़ पूरी कर यह संदेश दिया कि स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता की कोई उम्र सीमा नहीं होती।
मैराथन के दौरान महिला पुलिसकर्मी शबाना आजमी भी धावकों के साथ दौड़ती नजर आईं और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। उनकी सहभागिता ने महिला सुरक्षा के संदेश को और मजबूती दी।
मैराथन रंगभूमि मैदान से शुरू होकर डीएम कोठी, एसपी कोठी और रेनू उद्यान होते हुए जेल चौक पर संपन्न हुआ।
आयोजकों ने कहा कि महिला सुरक्षा केवल अभियान का विषय नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। महिलाओं को ऐसा सुरक्षित वातावरण देना होगा, जहां वे दिन हो या रात, बिना किसी भय के अपने शहर में आगे बढ़ सकें। नाइट मैराथन इसी सोच को जन-जन तक पहुंचाने की पहल है।
आयोजन के माध्यम से प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य के साथ महिला सम्मान और सुरक्षा को प्राथमिकता देने का संदेश दिया। मैराथन ने पूर्णिया में खेल, सामाजिक जागरूकता और महिला सुरक्षा को एक मंच पर लाने का प्रयास किया।
Post a Comment