एनएच-31 के कोसी पुल पर रविवार की देर रात करीब एक बजे दो वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के बाद वाहन पुल पर ही रुक गए, जिससे यातायात बाधित हो गया। सोमवार सुबह करीब नौ बजे दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने के बाद आवागमन सामान्य हुआ। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, टक्कर के बाद पुल पर छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। देखते ही देखते पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही कुरसेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाने की कार्रवाई शुरू की। सुबह करीब नौ बजे दोनों वाहनों को सड़क से किनारे कराया गया, जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका।
कुरसेला थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि रविवार की देर रात करीब एक बजे दो वाहनों के बीच टक्कर हुई थी। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर आवागमन सामान्य कराया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Post a Comment