किशनगंज सदर अस्पताल में इलाज कराने पहुंची युवती के साथ संविदा पर बहाल डाटा ऑपरेटर द्वारा कथित दुर्व्यवहार करने और विरोध करने पर उसके भाई की पिटाई का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया। सूचना पर एसडीएम अनिकेत कुमार, एसडीपीओ खुसरू सिराज और टाउन थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पीड़ित के भाई के आवेदन पर पुलिस ने आरोपी डाटा ऑपरेटर राजवीर गुप्ता समेत 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोतीबाग चौक निवासी हर्ष कुमार चौहान ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि शनिवार दोपहर वह अपनी बहन को स्वास्थ्य जांच के लिए सदर अस्पताल ले गया था। इसी दौरान तांती बस्ती निवासी डाटा ऑपरेटर राजवीर गुप्ता उसकी बहन का हाथ पकड़कर जबरन एक कमरे में ले गया और दरवाजा बंद कर दिया। विरोध करने पर वहां मौजूद करीब 20 से 25 अन्य युवकों ने भी उसके साथ दुर्व्यवहार किया। आरोप है कि विरोध करने पर राजवीर गुप्ता ने हर्ष के साथ मारपीट की, जबकि अन्य लोगों ने गाली-गलौज की और वीडियो बनाने के दौरान उसका मोबाइल छीन लिया।
हर्ष ने आरोप लगाया कि घटना की शिकायत लेकर वह सिविल सर्जन डॉ. राजकुमार चौधरी के पास पहुंचा, लेकिन उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं की गई और आरोपी को अस्पताल से जाने दिया गया। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया।
मौके पर पहुंचे प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया। आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद मामला शांत हुआ। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
Post a Comment