Top News

किशनगंज युवती से दुर्व्यवहार VIDEO वायरल मामले में चौथा आरोपी गिरफ्तार

दिघलबैंक। दिघलबैंक थाना क्षेत्र के तुलसिया हॉल्ट रेलवे स्टेशन पर युवती के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में पुलिस ने अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले के फरार चौथे नामजद आरोपी को एसआईटी ने गुप्त सूचना के आधार पर दिघलबैंक थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जागीर दहीभात निवासी 24 वर्षीय शहजाद, पिता मजीबुल, के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार घटना के बाद आरोपी फरार होकर गुजरात चला गया था। उसके वापस लौटने की सूचना मिलने पर वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। इससे पहले एसपी के निर्देश पर गठित एसआईटी ने केस दर्ज होने के 48 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

बताया गया कि गत 24 सितंबर की देर रात एसपी को व्हाट्सएप पर तुलसिया हॉल्ट का एक वीडियो मिला था। करीब चार माह पुराने इस वीडियो में एक युवती को 8-9 लड़कों से घिरा दिखाया गया था, जबकि 4-5 लड़के उसके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार कर रहे थे। जांच में वीडियो की घटना तुलसिया हॉल्ट रेलवे स्टेशन की पाई गई।

जांच के दौरान पुलिस ने वीडियो में शामिल आरोपियों की पहचान मुस्तफागंज निवासी अफसर उर्फ हती, श्रीपुर निवासी जुबेर खान, दहीभात निवासी मिजान उर्फ सलमान, कुम्हार टोली निवासी कामिल और जागीरबस्ती निवासी शहजाद के रूप में की। पुलिस के अनुसार घटना के बाद आरोपी अलग-अलग राज्यों में चले गए थे।

पूछताछ में पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह अपने एक दोस्त से मिलने तुलसिया रेलवे स्टेशन गई थी। वहां आसपास के गांव के कुछ लड़कों ने उसे दोस्त के साथ देख लिया और दोनों को घेरकर पूछताछ करने लगे। इसी दौरान लड़कों ने उसके दोस्त के हिंदू होने की बात कहते हुए मारपीट और दुर्व्यवहार किया।

पुलिस के अनुसार घटना के बाद स्थानीय स्तर पर पंचायती कर मामले को सुलझा लिया गया था। बाद में जमुई और समस्तीपुर की घटनाओं से संबंधित वीडियो वायरल होने के बीच करीब चार माह पुराने इस वीडियो को भी सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया। पीड़िता के आवेदन पर दिघलबैंक थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

एसपी ने कहा कि घटना में शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि घटना को लेकर भ्रामक खबर या अफवाह नहीं फैलाएं। अफवाह और भ्रामक खबर फैलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post