Top News

ग्राम सभा में 1007 आवास लाभुकों की सूची का अनुमोदन

 

पूर्णिया पूर्व /राजेश यादव 

डिमिया छतरजान पंचायत भवन में रविवार को ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में पंचायत क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष ग्रामीणों ने भाग लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, नाली, आवास, पेयजल सहित पंचायत क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं को ग्राम सभा के समक्ष रखा। ग्रामीणों द्वारा उठाए गए मामलों पर पंचायत स्तर से आवश्यक पहल करने का भरोसा दिलाया गया। ग्राम सभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का भी ग्रामीणों ने गंभीरतापूर्वक श्रवण किया। इसके बाद पंचायत में संचालित एवं प्रस्तावित विभिन्न विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पंचायत के विकास कार्यों में ग्रामीणों की भागीदारी एवं योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।

ग्राम सभा में पंचायत के मुखिया अंगद कुमार मंडल, उपमुखिया अनील महतो, पंचायत सचिव क्रितिका राज, आवास सहायक रूपेश झा, पंचायत कार्यपालक सहायक रिंकी कुमारी, रोजगार सेवक मिथलेश कुमार, सरपंच शोभेलाल यादव, ग्राम कचहरी सचिव नीतू कुमारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कर्मी एवं ग्रामीण मौजूद थे।

मुखिया अंगद कुमार मंडल ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तैयार लाभुकों की सूची का ग्राम सभा के माध्यम से अनुमोदन किया गया। सूची में कुल 1007 लाभुकों को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि ग्राम सभा में लाभुकों की सूची को लेकर किसी भी ग्रामीण की ओर से आपत्ति दर्ज नहीं कराई गई।मुखिया ने पंचायत में संचालित एवं प्रस्तावित अन्य महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी। उन्होंने कहा कि पंचायत के समग्र विकास के लिए योजनाओं के चयन से लेकर उनके क्रियान्वयन तक ग्रामीणों की सहभागिता जरूरी है। ग्राम सभा में मौजूद ग्रामीणों ने पंचायत के विकास कार्यों में सहयोग करने तथा अपनी सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post