Top News

चोर पकड़ कर किया पुलिस के हवाले उल्टे ग्रामीणों पर मामला दर्ज

पकिलपार गाँव के ग्रामीणों ने बैठक कर जांच की उठाई मांग

मुरलीगंज/मिथिलेश कुमार 

मधेपुरा : प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत हरिपुरकला पंचायत के पकिलपार वार्ड एक स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास गुरुवार को ग्रामीणों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सरपंच पंकज यादव ने की। आयोजित बैठक में पंचायत के मुखिया डॉ आलोक कुमार, पंसस सुभाष यादव सहित सभी वार्ड सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। बैठक में ग्रामीणों ने मुरलीगंज पुलिस के कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। कथित तौर पर मनमानी करने का आरोप भी लगाया। ग्रामीणों के अनुसार, बीते 30 अगस्त को क्षेत्र में चोरी के एक मामले में ग्रामीणों ने विकास कुमार नामक युवक को पकड़ा था


ग्रामीणों का दावा है कि उक्त युवक के खिलाफ जानकीनगर और मुरलीगंज थाने में पूर्व से कई प्राथमिकी दर्ज हैं। बैठक में मौजूद लोगों ने बताया कि युवक को पकड़ने के बाद मौके पर मौजूद मुरलीगंज पुलिस पदाधिकारी अभिषेक कुमार के समक्ष उसने कथित रूप से अपना जुर्म स्वीकार किया। उक्त युवक ने किसान जयनन यादव का पटवा चोरी कर मुरलीगंज के व्यापारी संजय भगत के यहां बेचने की बात स्वीकार की थी। इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी युवक को पुलिस को सौंप दिया। पुलिस द्वारा थाना में आवेदन देने की बात कही गई थी। घटना के अगले दिन पीड़ित किसान जयनन यादव ने थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन उनके आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। इसके विपरीत आरोपी युवक की मां के आवेदन पर पीड़ित किसान सहित गांव के कई लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर दिया गया। इसको लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में नाराजगी है। बैठक में ग्रामीणों ने मधेपुरा पुलिस अधीक्षक और सहरसा डीआईजी से मामले में उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है

ग्रामीणों ने कहा कि यदि ग्रामीण चोरी करने वाले व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले करते हैं और इसके बाद उन्हीं लोगों पर मामला दर्ज हो जाता है, तो भविष्य में कोई भी व्यक्ति अपराधी को पकड़ने के लिए आगे नहीं आएगा। बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि यदि मामले की उच्चस्तरीय जांच नहीं कराई गई और कथित रूप से दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो ग्रामीण चरणबद्ध आंदोलन करेंगे। इसके तहत धरना-प्रदर्शन और जरूरत पड़ने पर आमरण अनशन करने की चेतावनी दी गई। ग्रामीणो ने कहा कि हाल के दिनो में प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत हुए चोरी की घटनाओ का उद्भेन करने में पुलिस विफल रही है। लेकिन चोर को पकड़कर सौंपे जाने के बाद ग्रामीणो पर हीं मुकदमा दर्ज करना पुलिस के कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठता है। हालांकि इस दौरान थाना के प्रभार में रहे एसआई प्रिया कुमारी ने कहा इस मामले के संबंध में उन्हें कोई जानकारी नही है। प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार हीं बता सकते हैं कि आखिर क्या मामला है।

Post a Comment

Previous Post Next Post