एसपी संतोष कुमार ने गुरुवार को पुलिस कार्यालय परिसर स्थित वितंतु शाखा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शाखा की कार्यप्रणाली, पुलिस संचार व्यवस्था तथा अभिलेखों के संधारण की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में एसपी ने संचार उपकरणों एवं उनके संचालन और रखरखाव की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों से पुलिस संचार व्यवस्था के माध्यम से सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान तथा विभिन्न स्तरों पर किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
एसपी ने कहा कि किसी भी घटना या आपात स्थिति में सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान पुलिस कार्रवाई को प्रभावी बनाने में अहम भूमिका निभाता है। इसलिए संचार व्यवस्था को हमेशा दुरुस्त और सक्रिय रखना जरूरी है।
उन्होंने शाखा के अभिलेखों की भी जांच की और सभी रिकॉर्ड को निर्धारित प्रक्रिया के तहत अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया। साथ ही संचार उपकरणों की नियमित जांच और तकनीकी खामियों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। एसपी ने अधिकारियों एवं कर्मियों को अपने दायित्वों का तत्परता और जिम्मेदारी से निर्वहन करते हुए शाखा से जुड़े कार्यों का त्वरित एवं सुचारू निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
Post a Comment