जिले के विभिन्न थानों में लंबित एवं महत्वपूर्ण आपराधिक मामलों के अनुसंधान में तेजी लाने को लेकर एसपी संतोष कुमार ने शुक्रवार को संबंधित पुलिस पदाधिकारियों के साथ एसआईटी की बैठक की। बैठक में महत्वपूर्ण एवं लंबित कांडों की बारी-बारी से समीक्षा करते हुए अनुसंधान की प्रगति की जानकारी ली गई।
एसपी ने मामलों में अब तक हुई कार्रवाई, आरोपियों की गिरफ्तारी, साक्ष्यों के संकलन और अनुसंधान की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए लंबित कांडों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गंभीर और महत्वपूर्ण मामलों के अनुसंधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपलब्ध साक्ष्यों का वैज्ञानिक एवं नियमानुसार संकलन करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए समयबद्ध कार्रवाई की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को अनुसंधान में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने तथा ऐसे मामलों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया, जिनके लंबित रहने से पीड़ित पक्ष को न्याय मिलने में देरी हो सकती है। साथ ही, कांडों की नियमित समीक्षा कर निर्धारित समय सीमा में अनुसंधान पूरा करने को कहा।
बैठक में एसआईटी के कार्यों और लंबित मामलों की प्रगति पर भी चर्चा हुई। एसपी ने पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ महत्वपूर्ण कांडों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में सर्किल इंस्पेक्टर आरबी रॉय, किशनगंज सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, डीआईयू प्रभारी मोहम्मद मुश्ताक, अवर निरीक्षक रविशंकर कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
Post a Comment