Top News

पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर


कोढ़ा। कोलासी पेट्रोल पंप के समीप बुधवार को पिकअप वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान मोईन आलम और लालजी के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कटिहार मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। दोनों का इलाज जारी है।

परिजनों के अनुसार, मोईन आलम और लालजी बाइक से कोलासी से अपने घर खेरिया जा रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे पिकअप वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। परिजनों का दावा है कि पिकअप वाहन में शव लदा हुआ था।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को सड़क से उठाकर तत्काल इलाज के लिए भेजा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन, चालक और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

तेज रफ्तार पर लगाम की मांग: हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कोलासी पेट्रोल पंप के आसपास यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने की मांग की है। लोगों ने नियमित वाहन जांच और गति नियंत्रण की व्यवस्था किए जाने की आवश्यकता जताई।

Post a Comment

Previous Post Next Post