जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने बुधवार को बहादुरगंज प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्रखंड कार्यालय परिसर, आवासीय परिसर, बी-वीजी रामजी कार्यालय, आरटीपीएस काउंटर और बीआरसी भवन समेत विभिन्न स्थलों का भौतिक निरीक्षण किया। परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर रखने का निर्देश संबंधित अधिकारियों व कर्मियों को दिया।
डीएम ने कार्यालय में संधारित विभिन्न पंजी एवं अभिलेखों की जांच की। निरीक्षण के दौरान सामने आए बिंदुओं पर प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई कर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीएम ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, लोक सेवाओं का अधिकार, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना एवं पंचायत समिति अंश से संचालित योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने पात्र लाभुकों को समय पर योजनाओं का लाभ देने और लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने को कहा।
उन्होंने कार्यालयी कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान बीडीओ समेत प्रखंड स्तरीय सभी पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
Post a Comment