गंगा-कोसी के जलस्तर में लगातार वृद्धि से कुरसेला प्रखंड के तटवर्ती इलाकों में बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। पूर्वी मुरादपुर, दक्षिणी मुरादपुर और जरलाही पंचायत के मोकना टोला समेत शाहपुर धर्मी और उत्तरी मुरादपुर पंचायत के कई इलाकों में बाढ़ का पानी फैल गया है। नगर पंचायत के बगमारा, पचखुटी और मेहर मियां टोला में भी जलजमाव से आवागमन प्रभावित है। एक दर्जन से अधिक गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है। कई घरों में पानी घुसने के बाद ग्रामीण ऊंचे स्थानों और रेलवे माल गोदाम में शरण ले रहे हैं।
छह स्थानों पर सामुदायिक रसोई
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने राहत कार्य तेज कर दिया है। जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के निर्देश पर गोबराही दियारा, पत्थरटोला, रेलवे माल गोदाम, मलिनिया और मिर्जापुर समेत छह स्थानों पर सामुदायिक रसोई संचालित की जा रही है। यहां बाढ़ प्रभावित परिवारों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। अंचल प्रशासन की ओर से सामुदायिक रसोई की व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
मेडिकल कैंप में 225 लोगों की जांच
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशु चिकित्सा शिविर के साथ स्वास्थ्य विभाग की ओर से दो मेडिकल कैंप भी चलाए जा रहे हैं। चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमरलाल के अनुसार अब तक करीब 225 लोगों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं दी गई हैं। सर्पदंश की आशंका को देखते हुए एंटी-स्नेक वेनम का पर्याप्त स्टॉक भी उपलब्ध कराया गया है। प्रशासन ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता के अनुसार राहत सामग्री व चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
Post a Comment