Top News

प्रेम संबंध में युवक की गला रेतकर हत्या, एक नामजद गिरफ्तार


कुरसेला थाना क्षेत्र के राजेंद्र पार्क डुमरिया स्थित मरसंडा नहर के समीप रविवार की सुबह कद्दू के खेत में बने मचान के नीचे युवक का गला रेता हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान वार्ड संख्या छह निवासी मोहम्मद तबारक (22), पिता स्वर्गीय मोहम्मद हदीस के रूप में हुई।
ग्रामीणों के अनुसार, शनिवार की रात करीब आठ बजे तक तबारक को आसपास देखा गया था। रविवार सुबह खेत पहुंचे किसानों ने मचान के नीचे उसका शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

परिजनों ने बताया कि तबारक के पास पिता की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद मिली करीब चार लाख रुपये की सहायता राशि थी। इसी बीच मरसंडा की एक महिला के साथ उसके कथित प्रेम संबंध और महिला के पति से करीब 10 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। परिजनों ने आरोप लगाया कि रुपये नहीं देने पर तबारक को धमकी भी दी गई थी।

सूचना पर सदर एसडीपीओ-2 सुनील कुमार शर्मा और कुरसेला थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार भेजा गया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

बॉक्स : एक नामजद अभियुक्त गिरफ्तार
सदर एसडीपीओ सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि प्रथमदृष्टया रुपये के लेन-देन और कथित संबंध को लेकर विवाद की बात सामने आई है। वहीं थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर नामजद अभियुक्त मोहम्मद सज्जन, पिता जब्बार, निवासी राजेंद्र पार्क डुमरिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस हत्या के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post