Top News

माल गोदाम में शरण लिए 60 परिवारों को बांटी प्लास्टिक, सामुदायिक किचन-मेडिकल कैंप शुरू कराने के निर्देश




कुरसेला रेलवे माल गोदाम समेत प्रखंड के बाढ़ प्रभावित इलाकों की गम्भीर स्थिति को लेकर जिला प्रशासन ने राहत कार्य तेज कर दिया है। रविवार को डीएम आशुतोष द्विवेदी जिला प्रशासन की टीम के साथ कुरसेला के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और रेलवे माल गोदाम में शरण लिए पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और तत्काल राहत उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इस दौरान माल गोदाम में शरण लिए 60 बाढ़ पीड़ित परिवारों के बीच प्लास्टिक का वितरण किया गया।डीएम ने पीड़ितों से बातचीत कर घरों में पानी घुसने, भोजन, पेयजल, पशुओं के चारे और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। पीड़ित परिवारों ने बताया कि बाढ़ के कारण घरों में पानी प्रवेश कर गया है। कई परिवार ऊंचे स्थानों, सड़क-बांध और रेलवे माल गोदाम में शरण लेने को मजबूर हैं। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मवेशियों के साथ खुले स्थान पर रहने के कारण परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
डीएम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और अंचल पदाधिकारी को राहत कार्य में तेजी लाने तथा प्रभावित परिवारों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने उत्तरी मुरादपुर पंचायत समेत तटवर्ती इलाकों में सड़क और बांध का निरीक्षण किया। जलस्तर और संभावित खतरे को देखते हुए अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया।
डीएम ने सीओ अनुपम कुमारी को सामुदायिक किचन संचालित कराने, मेडिकल कैंप लगाने, पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने और पशुओं के लिए सूखा चारा मुहैया कराने का निर्देश दिया। साथ ही पंचायतों, ऊंचे स्थानों, सड़क-बांध और रेलवे माल गोदाम में शरण लिए परिवारों की संख्या का आकलन कर आवश्यक राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
मौके पर बरारी विधायक विजय सिंह भी मौजूद रहे। डीएम और विधायक ने पीड़ित परिवारों के बीच प्लास्टिक का वितरण कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव प्रशासनिक मदद का भरोसा दिलाया। वही लगातार जलस्तर में बढ़ोतरी देखी जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post