Top News

बरारी में बाढ़ की भयावह स्थिति, डीएम व विधायक ने लिया जायजा


बरारी प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच रविवार को कटिहार के जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी और बरारी विधायक विजय सिंह निषाद ने अलग-अलग बाढ़ प्रभावित पंचायतों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। डीएम ने पूर्वी बारीनगर एवं दक्षिणी भंडारतल पंचायत के प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।

डीएम ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनकी जरूरतों की जानकारी ली तथा मेडिकल कैंप, सामुदायिक रसोई और अन्य राहत व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित लोगों तक समय पर राहत सामग्री, भोजन, स्वास्थ्य सुविधा एवं अन्य आवश्यक सहायता पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।

इस दौरान पूर्वी बारीनगर के मुखिया प्रतिनिधि मो. मस्कुर आलम और दक्षिणी भंडारतल के मुखिया मो. इब्राहिम ने पंचायतों की गंभीर स्थिति से डीएम को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि कई घरों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर चुका है और लोगों को भोजन समेत जरूरी सामान के लिए परेशानी हो रही है।

इधर, विधायक विजय सिंह निषाद ने दक्षिणी भंडारतल पंचायत स्थित सामुदायिक रसोई का निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और खाद्य सामग्री की उपलब्धता की जानकारी ली। विधायक ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए जब तक जरूरत होगी, सामुदायिक रसोई संचालित की जाएगी। फिलहाल तीन पंचायतों में रसोई चल रही है, जबकि आवश्यकता के अनुसार अन्य पंचायतों में भी अगले एक-दो दिनों में सामुदायिक रसोई शुरू की जाएगी।

विधायक ने रसोई प्रभारी को राहत कार्य में लापरवाही नहीं बरतने तथा सरकारी सुविधाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ खड़ा है।

मौके पर जिला पार्षद गुणसागर पासवान, जदयू नेता अरविंद भगत, जदयू प्रखंड अध्यक्ष मनोज सिंह कुशवाहा, वार्ड सदस्य मो. गुलजार हुसैन, विधान पार्षद प्रतिनिधि राजीव कुमार भारती, विधायक प्रतिनिधि राजीव चौधरी, उदेश पासवान सहित कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post