पूर्णिया ईस्ट प्रखंड के अनुसूचित टोलों में आयोजित संत रविदास विकास शिविर का विधायक विजय खेमका ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अब टोला वासियों को प्रखंड कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। अनुसूचित जाति टोलों में लगाए जा रहे विकास शिविरों में अधिकारी स्वयं पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे हैं और उन्हें कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए आवेदन ले रहे हैं।
राजीगंज पंचायत के गरिया महादलित टोला स्थित सामुदायिक भवन एवं चांदी पंचायत के गुमटी टोला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित शिविर में विधायक ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को पात्र लाभुकों के आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन करने तथा किसी भी जरूरतमंद को योजना के लाभ से वंचित नहीं रहने देने का निर्देश दिया।
शिविर में राशन कार्ड, आवास, वासभूमि-पर्चा, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम कार्ड, आयुष्मान एवं स्वास्थ्य कार्ड तथा जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन लिए गए।
विधायक ने कहा कि संत रविदास ने समाज को समानता, ममता और प्रेम का संदेश दिया। एनडीए सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का कार्य कर रही है। अनुसूचित जाति एवं महादलित टोलों के परिवारों को उनके अधिकार और हक की योजनाओं का लाभ उनके दरवाजे तक पहुंचाने के लिए सरकार संकल्पित है।
उन्होंने बताया कि संत रविदास विकास शिविर अभियान के तहत प्रत्येक गुरुवार को अलग-अलग अनुसूचित जाति टोलों में नियमित शिविर लगाए जा रहे हैं। यह अभियान 15 फरवरी 2027 तक चलेगा। संत रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर चल रहे इस अभियान को विधायक ने सामाजिक समरसता एवं जनकल्याण की दिशा में सरकार की महत्वपूर्ण पहल बताया।
शिविर में प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, बीस सूत्री अध्यक्ष पानो देवी, मुखिया पति पिंटू सिन्हा, भाजपा नेता वीरेंद्र सिंह, मनोज कुमार, मोनू, मोहित राय, अमित दास, मायारानी दास, शैलेंद्र शाह, निर्मल मेहता, रमन मेहता सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण मौजूद थे।
Post a Comment