विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के सक्रिय सदस्य छोटू कुमार ने अपने जन्मोत्सव के अवसर पर रक्तदान कर मानव सेवा की मिसाल पेश की। संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी संगठन के पदाधिकारियों व सदस्यों के साथ उनका जन्मोत्सव मनाने पूर्णिया राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल पहुंचे थे। इस दौरान संगठन की ओर से उपचाररत मरीजों के बीच फल एवं जूस का वितरण किया जा रहा था।
इसी दौरान जानकारी मिली कि कटिहार निवासी रामपाल दास अपने पुत्र मंटू दास से मिलने पूर्णिया आए थे। अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें लाइन बाजार स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें रक्त चढ़ाने की सलाह दी। रामपाल दास का रक्त समूह बी पॉजिटिव होने के कारण परिजन रक्त की व्यवस्था को लेकर परेशान थे।
इसकी जानकारी पूर्णिया नगर अध्यक्ष अमरेंद्र भगत ने राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी को दी। सूचना मिलते ही संगठन की ओर से रक्त की व्यवस्था का प्रयास शुरू किया गया। जन्मोत्सव मना रहे छोटू कुमार ने बिना देर किए रक्तदान कर जरूरतमंद मरीज की मदद की। उन्होंने जन्मदिन की खुशी को सेवा कार्य से जोड़ते हुए रक्तदान किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने कहा कि संगठन के युवा जरूरतमंद मरीजों को रक्त की आवश्यकता होने पर तत्काल आगे आकर रक्तदान करते हैं। उन्होंने बताया कि छोटू कुमार का यह 14वां रक्तदान है। उन्होंने कहा कि युवाओं द्वारा जन्मदिन जैसे अवसरों को भी सेवा कार्य से जोड़ना समाज के लिए प्रेरणादायक है।
मौके पर राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी राकेश सिंह, राष्ट्रीय आईटी सेल प्रभारी नीतीश कुमार, राष्ट्रीय मंत्री खगेश कुमार, विक्की गोस्वामी, जिला मंत्री अशोक कुमार, नगर अध्यक्ष अमरेंद्र भगत, मंगल महाल्दार, विनय जायसवाल, मानिकचंद सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद थे।
Post a Comment